बाराबंकी - अयोध्या मंडल के डीआईजी सोमेन वर्मा ने फतेहपुर कोतवाली का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था और अभिलेखों के रखरखाव की गहन समीक्षा की।
बाराबंकी - अयोध्या मंडल के डीआईजी सोमेन वर्मा ने रविवार शाम फतेहपुर कोतवाली का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था और अभिलेखों के रखरखाव की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोतवाली परिसर में रखे विभिन्न रजिस्टरों एवं दस्तावेजों की बारीकी से जांच करते हुए पुलिस कार्यप्रणाली का जायजा लिया। डीआईजी के अचानक पहुंचने से पुलिस महकमे में हलचल मच गई और अधिकारी व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुट गए। निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने ग्राम प्रहरी रजिस्टर, अपराध रजिस्टर, मालखाना रजिस्टर, रजिस्टर नंबर आठ, महिला अपराध संबंधी रजिस्टर, जनसूचना रजिस्टर, शस्त्र रजिस्टर, मुकदमा पंजीयन रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, मीडिया सेल, साइबर हिस्ट्रीशीटर एवं गुंडा रजिस्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का गहन परीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों के अद्यतन रखरखाव, प्रविष्टियों की शुद्धता तथा दस्तावेजों के व्यवस्थित संधारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। डीआईजी ने लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विवेचकों से प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित मामलों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि पीड़ितों को त्वरित न्याय मिल सके। साथ ही अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और संवेदनशील मामलों में सतर्कता बरतने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने, शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने तथा थाने में आने वाले फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यशैली पारदर्शी और जनहितकारी होनी चाहिए, जिससे आमजन में विश्वास मजबूत हो सके। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, क्षेत्राधिकारी जगत राम कनौजिया, कोतवाल अमित प्रताप सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
आर एन साहनी - एक्सीक्यूटिव रिपोर्टर