बाराबंकी - सतरिख में प्रेमी जोड़े ने एक ही पेड़ पर फांसी लगाकर दी जान, मूक-बधिर पत्नी को छोड़ युवक ने उठाया खौफनाक कदम, इलाके में सनसनी
बाराबंकी - सतरिख में प्रेमी जोड़े ने एक ही पेड़ पर फांसी लगाकर दी जान, मूक-बधिर पत्नी को छोड़ युवक ने उठाया खौफनाक कदम, इलाके में सनसनी
बाराबंकी जनपद के सतरिख थाना क्षेत्र के अंतर्गत गेंदूवर गांव में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव से करीब 1 किलोमीटर दूर एक सुनसान स्थान पर स्थित पेड़ से एक प्रेमी जोड़े के शव फंदे पर लटकते पाए गए। युवक और युवती ने एक ही पेड़ की अलग-अलग डालियों पर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। दो शवों को एक साथ फंदे पर झूलता देख ग्रामीणों के होश उड़ गए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की सूचना से पहुंची सतरिख थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शवों को कब्जे में लेकर तफ्तीश शुरू कर दी है।
फंदे पर लटके युवक की शिनाख्त गेंदूवर गांव के रहने वाले 25 वर्षीय रोहित के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार रोहित का विवाह महज एक साल पहले हुआ था। उसकी पत्नी मूक-बधिर बताई जा रही है वह बोल नहीं सकती। अभी रोहित के कोई संतान भी नहीं थी। स्थानीय लोगों में चर्चा है कि रोहित का किसी अन्य युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। सामाजिक बंधनों के चलते जब दोनों को लगा कि उनका साथ रहना मुमकिन नहीं है, तो उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना के घंटों बाद तक मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी थी, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि वह भी आसपास के ही किसी गांव की रहने वाली है।
दिल दहला देने वाली इस वारदात के बाद मृतक रोहित के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सतरिख पुलिस ने दोनों शवों को फंदे से नीचे उतरवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस प्रेम प्रसंग सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
आर एन साहनी - एक्सीक्यूटिव रिपोर्टर
