बाराबंकी - जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने तहसील नवाबगंज अंतर्गत तीरगांव स्थित समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय (आवासीय) का किया निरीक्षण !
बाराबंकी - जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने तहसील नवाबगंज अंतर्गत तीरगांव स्थित समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय (आवासीय) का किया निरीक्षण !
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन करते हुए छात्रो एवं शिक्षकों से संवाद स्थापित किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी तथा कहा कि जीवन में सफलता के लिए अनुशासन, परिश्रम एवं सकारात्मक सोच अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि छात्रों के शैक्षणिक स्तर के साथ-साथ उनके समग्र विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाए, जिसके लिए खेल, भाषण, वाद-विवाद एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित किया जाए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक कक्षा में प्रतिदिन कम से कम दो छात्रों को किसी न किसी विषय पर अपने विचार व्यक्त करने के लिए प्रेरित किया जाए, जिससे उनमें आत्मविश्वास एवं अभिव्यक्ति क्षमता का विकास हो सके। उन्होंने डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देने हेतु सभी छात्रों की ईमेल आईडी बनवाकर उन्हें व्यवहारिक रूप से उपयोग करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने छात्रों से विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं, शिक्षण व्यवस्था एवं भोजन की गुणवत्ता के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया तथा संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विद्यालय में ‘अभ्युदय कोचिंग’ प्रारंभ कराने के भी निर्देश दिए, ताकि छात्र-छात्राओं को भविष्य में बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर एवं छात्रावास की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया तथा स्वच्छता, सुरक्षा, पेयजल, विद्युत एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी नवाबगंज श्री आनंद कुमार तिवारी,जिला समाज कल्याण अधिकारी, विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
अंकित गुप्ता - जिला ब्यूरो चीफ
